06Sep

Guna News: मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का विवादित बयान, बोले- ‘अपने परिवार की हिफाजत के लिए BJP को वोट करो’

गुना। मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया अपने एक अजीबो-गरीब बयान की वजह से चर्चा में आ गए है। उन्होंने हाल ही में अपनी विधानसभा का दौरा का किया। इस दौरान सिसोदिया ने कहा कि यदि अपने परिवार की रक्षा करना है तो केवल बीजेपी को ही वोट करें। साथ सिसोदिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार के समय महिलाओं के पोषण आहार की राशि भी बंद कर दी गई थी। ऐसे में आप लोगों को केवल भाजपा को ही वोट करना चाहिए।

बता दें मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने अपनी विधानसभा क्षेत्र बमोरी में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लागू होने से प्रदेश की महिलाशक्ति को निश्चित रूप से आर्थिक संबल मिला है।

उन्होंने कहा कि अब छोटे मोटे घर के ख़र्चों के लिए हमारी माताओं-बहनों को किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कुछ ही समय में मुख्यमंत्री ने योजना की राशि एक हज़ार प्रतिमाह से बढ़ाकर 1250 रुपये कर दिया है। जो धीरे-धीरे बढ़कर 3000 रुपये प्रतिमाह तक की जाएगी। इस क्रांतिकारी योजना के लिए हम सब को हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी को धन्यवाद देना चाहिए।

वहीं, उनके अभियान के दौरान क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। इसके बाद सिसोदिया ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने महाकाल जाकर प्रार्थना की है। उसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश में पानी गिर रहा है। भ्रमण के दौरान सिसोदिया ने लगभग साढ़े 6 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने कई स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता देखी और निर्माण में गति लाने व गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित भी किया।

इधर, जयस के जिलाध्यक्ष रणविजय भूरिया सिसोदिया के विकास कार्यों के दावों को झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिर्फ 50 फीसदी कमीशनबाजी चल रही है। जमीन पर कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *