26Nov

MAHARASHTRA CM : एकनाथ शिंदे ने सीएम पद से इस्तीफा दिया,नए मुख्यमंत्री पर सस्पेंस बरकरार : क्या फडणवीस होंगे अगला चेहरा?

MAHARASHTRA: महाराष्ट्र में महायुति की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है। मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया है । इसके बाद वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में तब तक कार्यभार संभालेंगे,जब तक नया मुख्यमंत्री तय नहीं हो जाता।

फडणवीस, शिंदे या पवार? कौन बनेगा सीएम

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, फडणवीस ने हाल ही में दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बेटी के विवाह समारोह में पार्टी आलाकमान से मुलाकात की, जिसमें महाराष्ट्र की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई। ऐसा कहा जा रहा है कि फडणवीस आलाकमान से मुख्यमंत्री पद के आश्वासन के साथ मुंबई लौटे हैं।

वहीं, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के नाम भी मुख्यमंत्री की दौड़ में हैं। हालांकि, महायुति के भीतर इन नामों को लेकर सहमति अभी तक नहीं बन पाई है।

महायुति की ऐतिहासिक जीत और कार्यकर्ताओं की उम्मीदें

महायुति ने महाराष्ट्र में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। भाजपा को 132 सीटें, शिवसेना को 57 सीटें और एनसीपी को 41 सीटें मिली हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है और वे देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर मुख्यमंत्री के रूप में देखने की उम्मीद कर रहे हैं।

राजनीतिक समीकरणों पर नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस बार मुख्यमंत्री पद पर बड़ा दांव खेल सकता है। देवेंद्र फडणवीस की प्रशासनिक कुशलता और उनकी मजबूत छवि भाजपा के लिए लाभदायक हो सकती है। हालांकि, शिवसेना और एनसीपी के सहयोग से महायुति के भीतर संतुलन साधने की चुनौती भी भाजपा के सामने है।

क्या हो सकता है आगे

राज्य के राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए, अगले कुछ दिन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। सभी की निगाहें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और महायुति के फैसले पर टिकी हैं, जो राज्य के अगले मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *