INDORE : स्वच्छता सर्वेक्षण के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के 9 शहरों को जगह मिली है। 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में चयनित शहरों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। लगातार स्वच्छता में नंबर-1 रहने वाला इंदौर इस बार सामान्य रैंकिंग में शामिल नहीं होगा, बल्कि उसे सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में रखा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में चयनित शहरों को सम्मानित करेंगी। देशभर के 4909 शहरों का आकलन किया गया, जिनमें से 57 शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है।
378वें स्थान से राष्ट्रीय सम्मान की दौड़ में पहुंचा देपालपुर
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा इंदौर के मेंटरशिप वाले देपालपुर की है। दो साल पहले मध्यप्रदेश के 380 शहरों में सफाई के मामले में 378वें स्थान पर रहने वाले देपालपुर ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के 2030 शहरों में देपालपुर को 1710वीं रैंक मिली थी। इंदौर नगर निगम की मेंटरशिप और स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत यहां सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार किया गया। करीब 20 हजार की आबादी वाले देपालपुर को छोटे शहरों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय सम्मान हेतु चुना गया है।
50 टन कचरा हटाया, 14 हजार डस्टबिन बांटे
देपालपुर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए इंदौर नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 50 टन पुराने लीगेसी वेस्ट को हटाने के लिए करीब 2 हजार सफाईकर्मियों और रैग पिकर्स ने काम किया। घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए 14 हजार डस्टबिन वितरित किए गए। 60 दिनों तक चले अभियान में प्लास्टिक का उपयोग कम करने पर भी जोर दिया गया। दिल्ली में होने वाले सम्मान समारोह में इंदौर से महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित 21 सदस्यीय दल शामिल होगा, जबकि देपालपुर नगर परिषद से 8 सदस्य समारोह में आमंत्रित किए गए हैं। अब सभी की निगाहें 11 नवंबर को घोषित होने वाले परिणामों पर टिकी हैं।







