INDORE: इंदौर के सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के पाई गई। इसके अलावा खाद्य सामग्री के गलत तरीके से स्टोरेज, तापमान मेंटेन ना करने, किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी, सड़ी खाद्य सामग्री, फंगस और बिना लेबल वाले उत्पाद जैसी कई अनियमितताएं भी सामने आईं है। इंदौर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं। दिल्ली की खाद्य विभाग की टीम के साथ इंदौर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने होटल के किचन, स्टोरेज एरिया और खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के भी मिली।
वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल में खाद्य सामग्री का निर्धारित तापमान मेंटेन नहीं किया जा रहा था। वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। सी-फूड, चिकन और मटन को भी एक साथ स्टोर किया गया था। उबले हुए आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली, जबकि कुछ टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका जताई गई। टीम को पैक्ड कुल्फी भी मिली, जिस पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं था। वहीं, स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा मिला, जबकि होटल के मेन्यू में उसे आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। कई खाद्य उत्पाद बिना लेबल के भी पाए गए।
किचन और स्टोरेज एरिया में भी मिली कई खामियां
स्वच्छता व्यवस्था की जांच के दौरान ड्राई स्टोरेज और नॉनवेज स्टोरेज में जंग लगी सामग्री मिली। फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर भी जंग और रस्ट पाया गया। किचन और स्टोरेज एरिया में कॉकरोच और चूहों की लीद मिलने के साथ ही चूहे भी पाए गए। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें मिलीं। स्टोर में सड़े हुए टमाटर और आलू तथा मूंगफली में फंगस भी पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर और बड़ी मात्रा में सामग्री बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखी गई थी। पैलेट के नीचे गंदगी मिली। ग्रेवी को रूम टेम्परेचर पर स्टोर किया गया था। डस्टबिन में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली।







