DATIA: दतिया विधानसभा उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। नामांकन के चौथे दिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपने भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही उपचुनाव का पहला औपचारिक नामांकन भी दर्ज हो गया। दामोदर सिंह यादव ‘केतली’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश दिया गया, जबकि समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस बल तैनात रहा।
अब सभी की निगाहें शुक्रवार पर टिकी हैं, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। उनके नामांकन के दौरान बड़े शक्ति प्रदर्शन की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, कांग्रेस और भाजपा की ओर से अब तक अधिकृत प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।








