BHOPAL: भोपाल को 28 जुलाई से चौथा रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है । निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 5 बजे मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे । स्टेशन के शुरू होने के साथ ही मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का यहां नियमित ठहराव रहेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन भी निशातपुरा स्टेशन से किया जाएगा। इसके साथ ही भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम (बैरागढ़) के बाद निशातपुरा राजधानी का चौथा ऑपरेशनल रेलवे स्टेशन बन जाएगा।
मंत्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में बने इस स्टेशन के आसपास कई फ्लाईओवर पहले से मौजूद हैं, जबकि एक नया फ्लाईओवर भी निर्माणाधीन है। भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 द्वारका नगर से निशातपुरा तक बनने वाला रेलवे ओवरब्रिज करीब छह रेलवे ट्रैक को पार करेगा और इसे देश का अपनी तरह का पहला आरओबी बताया जा रहा है। इससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
यात्रियों के लिए तैयार निशातपुरा स्टेशन
भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन निशातपुरा अब आखिरकार यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है। करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हुए इस स्टेशन से अब नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू होगा, जिससे राजधानी के रेल नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। जून 2023 में तैयार हुए निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर सभी जरूरी आधारभूत सुविधाएं मौजूद थीं, लेकिन विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से यहां यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका था। अब स्टेशन पूरी तरह ऑपरेशनल होने जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, सुविधाजनक यात्रा और भोपाल के रेलवे ढांचे में एक नई सुविधा का लाभ मिलेगा।
इन ट्रेनों का स्टॉपेज रहेगा
भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों के लिए अहम सूचना जारी की है। निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने के साथ ही प्रारंभिक चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव यहीं रहेगा। इसके बाद इन दोनों ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज समाप्त कर दिया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जिन लोगों ने पहले से भोपाल रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों में यात्रा के लिए टिकट बुक कराए हैं, वे अब निर्धारित समय पर निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर ही ट्रेन में सवार हों। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन परिवर्तन की जानकारी पहले से सुनिश्चित करने की सलाह दी है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
230 ट्रेनों की आवाजाही होगी आसान
निशातपुरा रेलवे स्टेशन के शुरू होने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे संचालन अधिक सुगम होगा और भविष्य में कुछ नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुल सकता है । वर्तमान में भोपाल रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब 230 ट्रेनें अप और डाउन दिशा में गुजरती हैं, जबकि लगभग 45 हजार यात्री प्रतिदिन यहां से सफर करते हैं। निशातपुरा स्टेशन के चालू होने के बाद सुबह-शाम के व्यस्त समय में मालवा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की आवाजाही बेहतर तरीके से हो सकेगी, जिससे यात्रियों को भी अधिक सुविधा मिलेगी।







