Bhopal:- भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। जब्त पनीर की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक चली कार्रवाई के दौरान कई डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभाग ने जब्त पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने देर रात जैन डेयरी कोलार और तड़के न्यू कृष्णा डेयरी, नादरा बस स्टैंड सहित नेशनल डेयरी का निरीक्षण किया। इसके अलावा सुबह करीब 4 बजे से रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड और आईएसबीटी समेत कई स्थानों पर भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर कार्रवाई की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए पनीर को फिलहाल एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी संरचना और गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। अधिकारियों द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी वैकल्पिक या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद को पनीर के नाम पर तो नहीं बेचा जा रहा था। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने भोपाल के डेटा कॉलोनी स्थित D-Mart Ready का भी निरीक्षण किया। यहां पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए। टीम ने उत्पादों की गुणवत्ता के साथ उनकी लेबलिंग, पैकेजिंग, निर्माण और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। विभाग ने शहर में दुग्ध उत्पादों की बिक्री और सप्लाई पर निगरानी बढ़ा दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग अब ई-कॉमर्स और संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रहा है। Blinkit, D-Mart, Flipkart और Reliance Mall समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म पर यह जांच की जा रही है कि कहीं किसी वैकल्पिक या एनालॉग उत्पाद को पनीर के नाम पर तो नहीं बेचा जा रहा। फिलहाल 275 किलो जब्त पनीर की लैब रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही इसकी गुणवत्ता और संबंधित प्रतिष्ठानों पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।







