इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में नए साल के अवसर पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का यह प्रमुख केंद्र 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बड़ी संख्या में भक्तों को आकर्षित करेगा । मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए यह प्लान तैयार किया गया है । वाहन चालक खजराना चौराहा से सर्विस रोड होकर सिद्धिविनायक हॉस्पिटल से बाएं मुड़कर गणेशपुरी मेन रोड, गोयल विहार रेनबसेरा टी से मंदिर एंट्री गेट और मंदिर परिसर पार्किंग तक पहुंच सकते हैं ।
दर्शन के बाद वाहन मंदिर पार्किंग परिसर से कालका माता मंदिर गेट से बाएं मुड़कर गणेश मंदिर तिराहा, पीपल चौराहा से खजराना चौराहा तक जा सकते हैं। खजराना गांव जाने वाले वाहन चालक खजराना चौराहे से गोया रोड होते हुए जा सकते हैं, जबकि खजराना चौराहा की ओर आने वाले वाहन जमजम तिराहा, मन्नत जनरल स्टोर से गोया रोड वाले मार्ग से आ सकते हैं। बंगाली चौराहा से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की ओर सर्विस रोड पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
खजराना चौराहा, गोया रोड से स्टार चौराहा की ओर और पीपल चौराहा से खजराना की ओर सिटी बसों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस सभी से अपील कर रही है कि परिवर्तित मार्ग का पालन करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें । खजराना गणेश मंदिर में नए साल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने अंदर की व्यवस्था भी पूरी तरह तैयार की है । 31 दिसंबर की रात 11 बजे मंदिर में एंट्री बंद कर दी जाएगी, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। रात 12 बजे भगवान की आरती होगी, जिसमें केवल पहले से मंदिर में मौजूद भक्त ही शामिल हो सकेंगे। इसके बाद 1 जनवरी की सुबह 4 बजे मंदिर में एंट्री फिर से शुरू होगी, जिससे दर्शनार्थियों की सुविधा बनी रहे ।








