BHOPAL : मध्य प्रदेश में गृह विभाग ने 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत बालाघाट रेंज के आईजी संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि मौजूदा आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा को आईजी स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। वहीं उज्जैन रेंज के एडीजी उमेश जोगा को परिवहन आयुक्त बनाया गया है और उनकी सेवाएं परिवहन विभाग को सौंप दी गई हैं। स्पेशल डीजी पंकज कुमार श्रीवास्तव को एंटी नक्सल ऑपरेशन और एसटीएफ से हटाकर स्पेशल डीजी सीआईडी और सतर्कता पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनंत कुमार सिंह को स्पेशल डीजी और प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी दी गई है। केपी वेंकटेश्वर राव को एडीजी तकनीकी सेवाएं नियुक्त करते हुए एंटी नक्सल ऑपरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। खेलो एमपी यूथ गेम्स के बीच जारी आदेश में एडीजी अंशुमान यादव को संचालक खेल एवं युवक कल्याण विभाग और राकेश गुप्ता को एडीजी व रेंज आईजी उज्जैन बनाया गया है। डी श्रीनिवास वर्मा को एडीजी नारकोटिक्स के साथ एसटीएफ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि विवेक शर्मा को एडीजी पीटीआरआई पीएचक्यू में पदस्थ किया गया है।
आईजी अभय सिंह को भोपाल देहात से हटाकर आईजी योजना पीएचक्यू बनाया गया है। संजय तिवारी को आईजी भोपाल देहात, चैत्रा एन को आईजी शहडोल और ललित शाक्यवार को आईजी बालाघाट जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर प्रशासनिक फेरबदल में इंदौर नगर निगम कमिश्नर पद से हटाए गए आईएएस दिलीप यादव को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। शिवशेखर शुक्ला को अपर मुख्य सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि स्वतंत्र कुमार सिंह को गैस राहत एवं त्रासदी विभाग के सचिव पद से हटा दिया गया है।








