जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड का दौर जारी है । गुरुवार रात अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। सोनमर्ग प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । इसके अलावा गुलमर्ग में तापमान माइनस 9 डिग्री और कुपवाड़ा में माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे जनजीवन पर खासा असर देखा जा रहा है।
मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में घने कोहरे ने सुबह की रफ्तार थाम दी । मध्यप्रदेश के ग्वालियर में भिंड रोड हाईवे पर कोहरे के कारण एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसमें कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-58 पर पांच से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए, इस हादसे में तीन लोगों की जान गई और छह से ज्यादा लोग घायल हुए, जबकि हाईवे पर करीब एक घंटे तक चार किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। दोनों राज्यों के कई शहरों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में पारा 2 डिग्री और भिवानी में 2.5 डिग्री रहा, जबकि पंजाब के फरीदकोट में 3 डिग्री, बठिंडा में 3.8 डिग्री और फिरोजपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को तीखी सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।








