बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने मंगलवार सुबह मैसूर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की । यह दौरा उस समय चर्चा में आया जब कर्नाटक हाई कोर्ट ने ‘कांतारा’ फिल्म के दैवा सीन की मिमिक्री मामले में अभिनेता को चार हफ्तों के अंदर मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया था। अदालत के आदेश के बाद रणवीर सिंह ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की और आशीर्वाद लिया । रणवीर सिंह का यह मंदिर दौरा ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले ही Federation of Western India Cine Employees ने फिल्म Don 3 छोड़ने के मामले को लेकर उनके खिलाफ असहयोग निर्देश जारी किया था । इस घटनाक्रम के बाद अभिनेता लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हालांकि मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान रणवीर सिंह ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और सीधे दर्शन कर वापस लौट गए।
एक्टर ने कतार में लगकर किए दर्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अभिनेता रणवीर सिंह ने मंदिर दर्शन के दौरान किसी भी वीआईपी सुविधा का इस्तेमाल नहीं किया और एक आम श्रद्धालु की तरह कतार में खड़े होकर चामुंडेश्वरी मंदिर में देवी चामुंडेश्वरी के दर्शन किए । रणवीर सिंह ने गर्भगृह के प्रवेश द्वार तक चेहरे पर मास्क लगाया रखा, जिसे अंदर प्रवेश से पहले हटा दिया । वे बिना किसी पूजा सामग्री के खाली हाथ मंदिर पहुंचे और विशेष प्रार्थना कर आशीर्वाद लिया।
फिल्म फेस्टिवल से शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा विवाद पिछले साल गोवा में आयोजित International Film Festival of India के समापन समारोह से शुरू हुआ था, जहां Ranveer Singh ने फिल्म Kantara के चर्चित ‘दैवा’ सीन की मिमिक्री प्रस्तुत की थी। इस सीन में फिल्म के निर्देशक और मुख्य अभिनेता Rishab Shetty नजर आए थे। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कन्नड़ समुदाय के एक बड़े वर्ग ने इसे अपनी संस्कृति और भावनाओं का अपमान बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई । इसके बाद रणवीर सिंह के खिलाफ कर्नाटक में धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
हाई कोर्ट ने मंदिर जाने का आदेश दिया था
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद Ranveer Singh ने फरवरी 2026 में राहत के लिए Karnataka High Court का रुख किया था, जहां कोर्ट ने उनके खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। इसके बाद अप्रैल में रणवीर सिंह ने कोर्ट में संशोधित हलफनामा दाखिल कर बिना किसी शर्त के माफी मांगी और सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल Rishab Shetty की बेहतरीन एक्टिंग की सराहना करना था, न कि किसी की भावनाएं आहत करना। उन्होंने सभी संस्कृतियों के प्रति सम्मान जताया। कोर्ट ने मामले को बंद करने के संकेत देते हुए अभिनेता को मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया था।
DON 3 को लेकर चल रहा है विवाद
Ranveer Singh का यह मंदिर दौरा ऐसे समय में हुआ है जब वे एक और बड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। सोमवार को Federation of Western India Cine Employees ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया है। आरोप है कि रणवीर सिंह ने फिल्म Don 3 से ऐन वक्त पर खुद को अलग कर लिया, जिससे निर्देशक Farhan Akhtar और फिल्म निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसी बड़े विवाद के बीच अगले ही दिन रणवीर सिंह मैसूर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर में प्रार्थना करते नजर आए ।








