BHOPAL: भोपाल में मेट्रो सेवा सोमवार से नई समय-सारणी के अनुसार शुरू हो गई है । नए शेड्यूल के तहत सुभाषनगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे एम्स के लिए रवाना हुई, जबकि एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे चली । अब सप्ताह के सभी दिनों में यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी ।
नई समय-सारणी के मुताबिक सोमवार से शनिवार तक भोपाल मेट्रो सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक संचालित होगी। सुभाषनगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे और एम्स स्टेशन से आखिरी मेट्रो शाम 7:30 बजे रवाना होगी। इस दौरान दोनों दिशाओं को मिलाकर रोजाना कुल 62 फेरे लगाए जाएंगे ।
रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यात्रियों को एक घंटे अतिरिक्त मेट्रो सेवा मिलेगी। इन दिनों मेट्रो सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक संचालित होगी। सुभाषनगर से आखिरी मेट्रो रात 8 बजे और एम्स से अंतिम मेट्रो रात 8:30 बजे रवाना होगी। रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 70 ट्रिप संचालित किए जाएंगे ।
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार पूरे परिचालन समय में ट्रेनें 15 मिनट के समान अंतराल पर चलेंगी। नई समय-सारणी से यात्रियों को मेट्रो के लिए ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खास तौर पर रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बढ़े हुए परिचालन समय से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है ।







