MUMBAI: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह एक चार्टर्ड विमान हादसे में निधन हो गया। विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर सहित कुल 5 लोगों की मौत हुई। पवार बारामती में पंचायत चुनाव की जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे और मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे।
महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के अनुसार, पायलट ने पहली लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया। दूसरी लैंडिंग के प्रयास में विमान रनवे से फिसल गया और उसमें आग लग गई। हादसे के समय पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल या ‘मेडे’ कॉल नहीं दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बारामती पहुंच चुके हैं और उन्होंने स्कूलों की छुट्टी और 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है । पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बारामती में किया जाएगा।
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए एक टीम दिल्ली में विमान ऑपरेटर VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची, जबकि दूसरी टीम बारामती रवाना हो गई। कंपनी के अनुसार पायलट के पास 16,000 घंटे और को-पायलट के पास 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था और विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं थी। अजित पवार की पार्टी NCP, महाराष्ट्र की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार में शामिल थी और वे खुद उपमुख्यमंत्री थे ।








