MAHARASHTRA: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के बाद एनसीपी के भीतर पैदा हुए राजनीतिक शून्य को भरने की कवायद तेज हो गई है । पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार से सक्रिय राजनीति में लौटकर पार्टी की कमान संभालने का आग्रह किया है। सूत्रों के अनुसार उन्हें महायुति सरकार में शामिल कर उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना पर भी चर्चा हुई है। इसी सिलसिले में एनसीपी के शीर्ष नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पुणे स्थित उनके आवास पहुंचा, जहां श्रद्धांजलि के साथ आगे की रणनीति पर मंथन हुआ।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जमीनी कार्यकर्ता चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार ही अजित पवार की राजनीतिक विरासत संभालें। उनका मानना है कि सुनेत्रा राजनीतिक परिवार से होने के कारण पार्टी को एकजुट रख सकती हैं। वरिष्ठ नेता नरीमन जिरवाल ने भी सार्वजनिक रूप से उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने का समर्थन किया है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही मुंबई में विधायकों की बैठक बुलाकर विधानसभा दल के नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, क्योंकि फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता स्थिरता बनाए रखना और सरकार में अपनी स्थिति मजबूत करना है।
इधर अजित पवार के समर्थकों के बीच यह मांग भी जोर पकड़ रही है कि उनके बेटे पार्थ पवार या जय पवार को बारामती उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया जाए। स्थानीय नेताओं का मानना है कि पवार परिवार का सदस्य मैदान में उतरेगा तो जीत की संभावना मजबूत होगी। अजित पवार पहले ही संकेत दे चुके थे कि भविष्य में बारामती की जिम्मेदारी बेटे जय पवार को सौंपी जा सकती है, जबकि पार्थ पवार 2019 में मावल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इस घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।








