BHOPAL: राजधानी भोपाल के गुलाब गार्डन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री एदल सिंह कँसाना और उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मौजूद रहे । कार्यक्रम में विभिन्न किस्मों के फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा । उद्यानिकी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग लगातार नवाचार कर रहा है और फूलों की खेती करने वाले किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, अनुदान और विपणन सुविधा जैसी हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है,जिससे प्रदेश में पुष्प उत्पादन को नई दिशा मिल रही है । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन लंबे समय तक याद रखा जाएगा और इससे किसानों को नई प्रेरणा मिलेगी । उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब 40 हजार किसान लगभग 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में पुष्प खेती कर रहे हैं और सरकार अनुदान और भावांतर भुगतान योजनाओं के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है । मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि मध्यप्रदेश पुष्प खेती में देश में दूसरे स्थान पर है और यहां उगाए जाने वाले फूल इंग्लैंड सहित अन्य राज्यों और देशों तक निर्यात हो रहे हैं । उन्होंने यह भी घोषणा की है कि पहले यह आयोजन एक दिन का होता था, लेकिन अब इसे तीन दिन का कर दिया गया है और भविष्य में इसे राजधानी से आगे बढ़ाकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी आयोजित किया जाएगा,जिससे अधिक से अधिक किसान और नागरिक इससे जुड़ सकें ।








