NEW DELHI: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है । मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब 4 जून को केरल के तट पर दस्तक दे सकता है । इससे पहले मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने का अनुमान जताया गया था, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते इसकी रफ्तार धीमी पड़ी । सामान्य तौर पर मानसून हर साल 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है और करीब डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है। मानसून की दस्तक को लेकर किसानों और आम लोगों की निगाहें मौसम विभाग के अपडेट पर टिकी हुई हैं।
वहीं जून की शुरुआत के साथ ही देश के 23 राज्यों में गर्मी से राहत देखने को मिली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई इलाकों में बादल छाने और बारिश होने से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया। हालांकि मौसम में आए इस बदलाव ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया है। मध्य प्रदेश के नीमच में सोमवार रात मकान की छत गिरने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में दीवार ढहने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की जान चली गई।
उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार सुबह तेज हवा के साथ करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई जगह घुटनों तक पानी भर गया और सड़कें धंस गईं। एक फुटपाथ धंसने से करीब 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।







