INDORE: इंदौर में पहली बार मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग यानी MPL का आयोजन आज से शुरू होने जा रहा है। टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का यह तीसरा संस्करण है, लेकिन पहली बार क्रिकेट प्रेमियों के शहर इंदौर को इसकी मेजबानी मिली है। लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट फैन्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बीते दो सीजन की सफलता के बाद MPL अब मध्य प्रदेश क्रिकेट का बड़ा मंच बन चुका है। इस लीग ने प्रदेश के कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है, जिनमें से कई खिलाड़ी आईपीएल तक का सफर भी तय कर चुके हैं। ऐसे में इस बार का सीजन भी नए सितारों को पहचान दिलाने के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है।
ग्वालियर चीता-उज्जैन फाल्कंस के बीच पहला मुकाबला
इंदौर में शुरू हो रही मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग का पहला मुकाबला आज शाम 7:30 बजे ग्वालियर चीता और उज्जैन फाल्कंस के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 4 जून से टूर्नामेंट में रोजाना दो से तीन मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के बीच लीग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है । इस बार MPL का ऑक्शन भी काफी चर्चा में रहा। आईपीएल में करोड़ों रुपए हासिल करने वाले कई खिलाड़ी यहां लाखों में सिमट गए, जबकि कुछ युवा खिलाड़ियों ने अपनी बोली से सभी को चौंका दिया। खास तौर पर इंदौर के तेज गेंदबाज आवेश खान पर सभी की नजरें टिकी थीं।
आईपीएल में 9.75 करोड़ रुपए पाने वाले आवेश खान को चंबल घड़ियाल ने सीमित बजट के चलते 8.20 लाख रुपए में खरीदा। वहीं ऑक्शन की सबसे बड़ी बोली आशुतोष शर्मा पर लगी। 3 लाख रुपए की बेस प्राइस से शुरू हुई बोली 15 लाख तक पहुंची और मालवा स्टैलियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। आशुतोष इस समय आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं।
MPL में शामिल 10 दमदार टीमें
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग यानी MPL में इस बार कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें इंदौर पिंक पैंथर्स, भोपाल लेपर्ड्स, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल, ग्वालियर चीता, जबलपुर रॉयल लॉयंस, रीवा जगुआर, मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कंस और रॉयल निमाड़ ईगल्स शामिल हैं। इंदौर में पहली बार हो रहे इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है । वहीं इस सीजन में कई स्टार खिलाड़ियों पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी। इनमें रजत पाटीदार, आवेश खान, अर्शद खान, अनिकेत वर्मा, माधव तिवारी, कुमार कार्तिकेय, कुलवंत खेजरोलिया, सौम्य पांडे, शिवांग कुमार, आशुतोष शर्मा, ऋषभ चौहान और सागर सोलंकी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह टूर्नामेंट एक बार फिर युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा ।







