BHOPAL: देशभर में मानसून का मिजाज इस समय अलग-अलग नजर आ रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश की रफ्तार थम गई है, जिससे उमस और गर्मी बढ़ गई है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है । मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं फिलहाल पूर्वी भारत में सक्रिय हैं। यही वजह है कि पश्चिम और उत्तर भारत तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पा रही है, जिसके चलते इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं । हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने या मानसून ट्रफ के पश्चिम की ओर खिसकने से स्थिति बदल सकती है। इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं ओडिशा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में मौसम का रेड अलर्ट
ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के बीच मौसम को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पुरी समेत राज्य के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है । मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी बांग्लादेश से सटे तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से बुधवार से शुक्रवार सुबह तक पुरी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।







