UJJAIN: उज्जैन ने देश को एक नई और बड़ी सौगात दी है । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन के शदावल में देश की पहली हाईटेक आंगनबाड़ी का लोकार्पण किया । नई शिक्षा नीति के तहत आंगनबाड़ियों को आधुनिक प्री-स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया । इस हाईटेक मॉडल में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक फर्नीचर, आकर्षक स्मार्ट क्लासरूम, झूले, खेल सामग्री, यूनिफॉर्म, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर स्वास्थ्य जांच जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि शुरुआती शिक्षा को अधिक प्रभावी और आनंददायक बनाया जा सके । आईआईएम बैंगलोर के सहयोग से विकसित इस मॉडल पर प्रति आंगनबाड़ी लगभग छह लाख रुपये की लागत आ रही है । सरकार का लक्ष्य उज्जैन जिले की करीब एक हजार आंगनबाड़ियों को इसी तर्ज पर हाईटेक और आधुनिक स्वरूप देना है, जिसकी शुरुआत मंदिर परिसरों में संचालित आंगनबाड़ियों से की जा रही है। इसके साथ ही ‘आंगनबाड़ी गोद लेने’ की अभिनव पहल भी शुरू की गई है। इस योजना के तहत देश-विदेश के श्रद्धालु, उद्योगपति और समाजसेवी किसी आंगनबाड़ी को गोद लेकर बच्चों की शिक्षा, पोषण और आधारभूत सुविधाओं के विकास में योगदान दे सकेंगे। सरकार का मानना है कि जनभागीदारी से यह अभियान न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश में बाल शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा।







