BHOPAL: मध्य प्रदेश में करीब दो से तीन हफ्तों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है । पिछले 24 घंटे में भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश हुई । मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
सबसे ज्यादा 4.1 इंच बारिश राजगढ़ में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रायसेन में ढाई इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर और सागर में डेढ़-डेढ़ इंच, टीकमगढ़ में 1.1 इंच और मंडला में 1 इंच बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल सहित ग्वालियर, जबलपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, विदिशा, शाजापुर, रीवा, सतना, छतरपुर, दमोह, बालाघाट, गुना, उज्जैन और देवास समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से किसानों को राहत मिलने के साथ ही जलाशयों और नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।







