INDORE: इंदौर में ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल विभाग के स्टोर कीपर राकेश गोरखे के कई ठिकानों पर बुधवार सुबह छापेमारी की । प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आ रही है ।
ईओडब्ल्यू की टीम ने आय से अधिक संपत्ति और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच के तहत यह कार्रवाई की है । फिलहाल टीम द्वारा अलग-अलग ठिकानों पर जांच की जा रही है और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।
आय से 110% ज्यादा संपत्ति मिली
इंदौर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में मेडिकल विभाग के स्टोर कीपर राकेश गोरखे के पास आय से 110 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आई है। ईओडब्ल्यू की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में गोरखे के कई ठिकानों पर छापेमारी की, जहां प्रारंभिक जांच में कई प्रॉपर्टी और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
जांच के दौरान वृंदावन गार्डन में तीन मंजिला मकान सहित संघवी रेसीडेंसी, सद्गुरु कॉलोनी बड़िया कीमा, साकार सिटी, साहिल रेसीडेंसी और ओमेक्स सिटी में संपत्तियां मिलने की जानकारी सामने आई है। ईओडब्ल्यू की टीम इन संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान राकेश गोरखे के घर से पासपोर्ट भी मिला है। जांच में उनके थाईलैंड यात्रा करने की पुष्टि हुई है। ईओडब्ल्यू के अनुसार इस यात्रा के लिए विभागीय अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल टीम पूरे मामले में दस्तावेजों की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मकान-फ्लैट समेत कई प्रॉपर्टी मिली
इंदौर में ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के दौरान मेडिकल विभाग के स्टोर कीपर राकेश गोरखे की कई चल-अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है। जांच में मकान, फ्लैट सहित अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल ईओडब्ल्यू की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और जब्त दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच आगे बढ़ने के साथ और भी संपत्तियों का खुलासा होने की संभावना है ।







